देवास। बीते दिनों कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की रैली के दौरान जेब कतरों ने हाथ साफ किया था। कई लोगों ने जेब कटने के बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसे लेकर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की थी। मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी की मदद से कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा है, जिसका नाम इरफान उर्फ़ सोनु पिता अमानत मंसुरी है।
कोतवाली थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की रैली में अज्ञात बदमाशों ने कई लोगों की जेब काटने की घटनाओं को अंजाम दिया था। जिस पर फरियादी सतीश चोधरी द्वारा थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रिपोर्ट पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र से इरफान उर्फ़ सोनु बिजवा को गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपी से करीब 4 हजार 500 रूपये जब्त किये है। साथ ही आरोपी के साथी अनवर, जावेद और असलम की भी तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि इरफान और उसके सभी साथी चंदन नगर थाने के निगरानी सुदा बदमाश है जिन पर इंदौर के कई थानों में प्रकरण दर्ज है। चारों आरोपी इंदौर से ही रैली मे शामिल थे जो इन्दौर, उज्जैन में जेब काटने की घटना को अंजाम देते हुए देवास पहुंचे थे।