शाजापुर। प्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा अपना पदभार ग्रहण करते ही मांस मछली की अवैध दुकानों पर कार्यवाही कर उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए थे, जिस पर शाजापुर जिला प्रशासन ने सभी मांस की दुकानों पर नोटिस देकर लाइसेंस के बिना बूचड़खाने नहीं चलने के निर्देश दिए थे और उन्हें बुधवार तक का समय दिया गया था, जिसमें वह समय पर अपने कागजात जमा कर सके। जिन लोगों ने आदेश का पालन नहीं किया उनकी दुकानों पर नगर पालिका और जिला प्रशासन के अमले ने कार्यवाही की। गुमटियों को जब्त कर अपनी ट्रैक्टर ट्राली में भरकर ले गए।
नगर पालिका सीएमओ मधु सक्सेना ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सभी लोगों को शासन के नियम अनुसार दुकान संचालित करने के निर्देश दिए गए थे। वहीं सभी को कागज जमा कराने के लिए बुधवार तक का समय दिया गया था। इसके बाद भी लोगों ने इस पर अमल नहीं किया और अपने अवैध बूचड़खानों का संचालन जारी रखा। इस पर जिला प्रशासन के साथ नगर पालिका ने उन दुकानों को हटाने का काम किया।
वहीं उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास मांस की दुकानों की व्यवस्था की है। सभी अपनी दुकान वहीं संचालित करेंगे। अब खुले में और आसपास मार्केट में मांस की दुकान और बूचड़खाने नहीं चलेंगे।