सनावद। नगर पालिका परिषद सनावद के अस्थाई सफाई कर्मचारियों ने आज नगर पालिका सीएमओ विकास डावर को एक ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि विगत तीन माह से नगर पालिका द्वारा वेतन नहीं मिलने से नगर पालिका के प्रति कर्मचारियों में नाराजगी व्याप्त है। लगातार नगर पालिका के अधिकारियों के द्वारा कर्मचारियों को आश्वासन पर आश्वासन दिए जा रहे हैं लेकिन वेतन अभी तक नहीं मिल पाया है, जिसके चलते अस्थाई कर्मचारियों ने पांच दिवस तक सामूहिक अवकाश लेने का निर्णय किया है। यदि सफाई कर्मी 5 दिन का सामूहिक अवकाश लेते हैं तो नगर में सफाई व्यवस्था चरमरा जाएगी। वहीं नगर पालिका सीएमओ कर्मचारियों को जल्द से जल्द वेतन देने के प्रयास करने की बात कह रहे हैं।