सतवास। थाना अंतर्गत आने वाले पीपल कोटा से एक आदिवासी बालिका के गुम होने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पुलिस पर लापरवाही के आरोप भी लग रहे हैं। आज गुरुवार को आदिवासी समाज के लोगों ने सतवास थाने के सामने प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के बाद सतवास थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से समाजजनों ने बताया कि ग्राम पीपल कोटा की एक बालिका 14 दिसंबर को सतवास के शासकीय महाविद्यालय में अध्ययन के लिए गई थी, किंतु जब वह शाम तक घर वापस नहीं लौटी तो उसके पिता ने पुलिस को आवेदन देकर सूचित किया। बावजूद पुलिस ने अब तक मामले में कोई गंभीरता नहीं दिखाई दी है। बालिका पिछले एक सप्ताह से गायब है। यदि 24 घंटे में पुलिस बालिका के संबंध में जानकारी नहीं जुटा पाई तो समाज के लोग नगर बंद कर उग्र आदोलन करेंगे। इस आंदोलन की समस्त जवाबदारी प्रशासन की होगी।