सिंगोली। तहसील की ग्राम पंचायत धनगाव के ग्राम तुरकिया में पानी की समस्या को लेकर महिलाओं ने तहसील कार्यालय सिंगोली पहुंचकर तहसीलदार के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंगोली से सटे ग्राम तुरकिया में विगत लगभग डेढ़ महीने से पीने के पानी की सप्लाई बंद पड़ी है। जिसके कारण महिलाओं और ग्रामीणों को पीने के पानी को लेकर डेढ़ महीने से भी अधिक समय से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अनेक बार सरपंच और सचिव को लिखित व मौखिक जानकारी दी और सप्लाई चालू करवाने की मांग की लेकिन ग्राम पंचायत की उदासीनता के चलते जनप्रतिनिधि और सचिव ग्रामीणों को मूलभूत आवश्यकता पानी भी उपलब्ध करवाने में रुचि नहीं ले रहे। नाराज महिलाओं और ग्रामीणों ने बुधवार दोपहर 12 बजे करीब सिंगोली तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार राजेश सोनी के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत धनगांव के ग्राम तुरकिया में आए दिन पानी की समस्या बनी रहती है। ग्राम तुरकिया की कालबेलिया बस्ती में पिछले डेढ़ माह से पानी की सप्लाई बंद पड़ी है। पीने के पानी के लिए हम ग्रामीणों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। सरपंच सचिव भी कोई काम नही कर रहे है और उल्टे जवाब देते हैं कि तुम्हे जो करना है वो कर लो समस्या ऐसे ही बनी रहेगी।
ज्ञापन के दौरान खेरूनिशा, नसीम, विमला शर्मा, शमीम, साइना, जमीला बेगम सहित ग्राम तुरकिया के ग्रामीण उपस्थित थे।