खरगोन। जिले के भगवानपुरा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। वहीं वनांचल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिरवेल महादेव में प्रकृति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।
पहाड़ी क्षेत्रों में हुई तेज बारिश के बाद महादेव गुफा के समीप स्थित प्राकृतिक झरना पानी से लबालब होकर करीब 50 फीट की ऊंचाई से पूरे वेग के साथ गिर रहा है। झरने का यह मनमोहक और रौद्र रूप श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
मंदिर की व्यवस्था संभाल रहे बालकदास महाराज ने बताया कि प्राकृतिक गुफा में भगवान शिव विराजमान हैं और बरसात के मौसम में यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विशेष रूप से श्रावण माह में यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है।
गुफा के पास गिरता विशाल झरना और चारों ओर फैली हरियाली सिरवेल महादेव की प्राकृतिक सुंदरता को और भी आकर्षक बना रही है। यहां आने वाले श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के साथ-साथ झरने के मनोरम दृश्य का आनंद लेते हैं और इस खूबसूरत नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते हैं।
सिरवेल महादेव धार्मिक और पर्यटन दोनों दृष्टि से प्रदेश का प्रमुख स्थल माना जाता है। यहां मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।