चित्तौड़गढ़। इनर व्हील क्लब ऑफ चित्तौड़गढ़ ने क्लब की वरिष्ठ सदस्य डॉ. सुशीला लड्ढा का जन्मदिन शनिवार को ऋषि मगरी गौशाला में सेवा और गौ-सेवा के भाव के साथ मनाया। इस अवसर पर सदस्यों ने गौ-संरक्षण एवं गौ-सेवा का संदेश देते हुए गौमाताओं को पौष्टिक हरी सब्जियां खिलाईं।
क्लब अध्यक्ष ऋतु पोखरना ने बताया कि जन्मदिन समारोह को गौ-सेवा को समर्पित करते हुए समाज में गौ-संरक्षण, गौ-सम्मान और सेवा की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
क्लब सचिव रेनू सोमानी ने बताया कि कार्यक्रम में सभी सदस्यों ने गौ-सुरक्षा और गौ-सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सदस्यों ने स्वयं ताजी एवं पौष्टिक सब्जियां काटकर तैयार कीं और प्रेमपूर्वक गौमाताओं को खिलाया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, सहयोग और समर्पण का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर गौ सम्मान आह्वान अभियान के जिला संयोजक गौरव सोमानी के नेतृत्व में क्लब की सदस्यों ने आगामी 27 जुलाई को आयोजित होने वाले अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया तथा अन्य महिलाओं से भी अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्लब की कोषाध्यक्ष ऋतु भोजवानी, कांता सोनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को सामाजिक सेवा और गौ-कल्याण से जोड़कर भी सार्थक बनाया जा सकता है।