पोलायकला। रविवार शाम हुई मूसलाधार बारिश ने पोलायकला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। करीब शाम 5 बजे शुरू हुई तेज बारिश लगभग दो घंटे तक लगातार जारी रही, जिससे शहर से लेकर गांव तक कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।
तेज बारिश के कारण मुख्य मार्ग, निचले इलाके और कई सड़कें पानी में डूब गईं। जहां नजर गई, वहां पानी ही पानी दिखाई दिया। जलभराव के चलते वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित रहा।
हालांकि बारिश से लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली तथा मौसम सुहावना हो गया, लेकिन नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई। महज दो घंटे की बारिश में कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे नगर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी जिले में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने नागरिकों से बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।