दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। भाजपा और कांग्रेस के साथ अब अन्य राजनीतिक दल भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर रहे हैं। इसी क्रम में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आज़ाद श्रावणश् 11 जुलाई को दतिया पहुंचेंगे।
पार्टी नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि सांसद चंद्रशेखर आज़ाद दतिया में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और पार्टी प्रत्याशी दामोदर यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। पार्टी का दावा है कि उनकी सभा से चुनावी माहौल में नया राजनीतिक संदेश जाएगा।
दतिया विधानसभा सीट को प्रदेश की सबसे चर्चित और हॉट सीटों में माना जा रहा है। एक ओर भाजपा इस सीट पर अपनी जीत बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है, तो वहीं कांग्रेस भी वापसी के प्रयास में जुटी है। इसके अलावा आजाद समाज पार्टी समेत अन्य दल भी चुनावी समीकरण साधने में लगे हैं।
राजनीतिक जानकारों की नजर इस बात पर टिकी है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, कांग्रेस के उम्मीदवार और अब आजाद समाज पार्टी की सक्रियता के बीच यह मुकाबला किस दिशा में जाएगा। ऐसे में 11 जुलाई को होने वाली चंद्रशेखर आज़ाद की सभा को उपचुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।