सिंगोली। नगर परिषद सिंगोली में महालेखपाल के पद पर कार्यरत कपिल सिंह राजावत के स्थानांतरण पर रविवार को नगर परिषद परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों एवं कर्मचारियों ने उनका सम्मान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जानकारी के अनुसार, राजावत पिछले करीब सात वर्षों से नगर परिषद सिंगोली में महालेखपाल के पद पर सेवाएं दे रहे थे। हाल ही में उनका प्रशासनिक स्थानांतरण नगर परिषद जीरन किया गया, जहां उन्होंने 17 जून को प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया।
नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन भाया की उपस्थिति में आयोजित समारोह में राजावत का पुष्पमालाओं से स्वागत कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष सुरेश जैन श्भायाश् एवं उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़ ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन किया तथा नगर परिषद के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समारोह में नगर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद राजेश भंडारी, पार्षद कमल शर्मा, सुनील सोनी, जीवन बलाई, पार्षद प्रतिनिधि सत्यनारायण विश्नोई, एल्डरमैन, नगर परिषद के इंजीनियर अंकित मांझी, कर्मचारी सोनू तिवारी, बलराज छिपा, वंदना शर्मा सहित नगर परिषद के कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।