चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कनेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 174 किलो 800 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा और एक वैगनआर कार जब्त की है। हालांकि वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी शिवप्रकाश हरगन के सुपरविजन में कनेरा थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी।
गश्त के दौरान बांगेड़ा क्षेत्र की ओर से आ रही एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भुवानिया खेड़ी की ओर कच्चे रास्ते पर ले गया। पीछा करने पर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें रखे 9 प्लास्टिक के कट्टों में कुल 174 किलो 800 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर अज्ञात तस्कर के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह, एएसआई प्रकाशचंद्र, बालमुकंद, कांस्टेबल रामनिवास, सूरज सिंह तथा चालक दिलीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।