खरगोन। जिले के कसरावद नगर में भव्य साईं पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली, जहां श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर साईं बाबा की पालकी का भव्य स्वागत किया। पूरे नगर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।
पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु साईं बाबा के भजनों और जयघोष के साथ चल रहे थे। विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाकर पालकी का अभिनंदन किया गया तथा प्रसाद का वितरण भी किया गया।
मंदिर समिति ने बताया कि श्री साईं बाबा मंदिर स्थापना के 22 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रत्येक वर्ष अनुसार मंगलवार, 7 जुलाई को दोपहर 12ः00 बजे से शाम 5ः00 बजे तक विशाल महाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया जाएगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा महाप्रसादी ग्रहण करने की अपील की है।
धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।