दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने रविवार को सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। जनसंपर्क कार्यक्रम के लिए जाते समय उनका काफिला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के करन सागर के पास पहुंचा, जहां सड़क हादसे में कई लोग घायल पड़े थे।
घायलों को देखकर डॉ. मिश्रा ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और मौके पर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान एक घायल के सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था, जबकि दूसरा अचेत अवस्था में था।
डॉ. मिश्रा ने तत्काल अपने गमछे से घायल के सिर पर पट्टी बांधकर रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने 108 एंबुलेंस बुलवाकर सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया और उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए अपने कार्यकर्ताओं को अस्पताल और घटनास्थल पर समन्वय की जिम्मेदारी भी सौंपी।
घटना के दौरान मौजूद स्थानीय लोगों ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा की त्वरित पहल और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील नेतृत्व का उदाहरण बताया। फिलहाल घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।