इंदौर। नीमच जिले की सिंगोली तहसील के ग्राम तुरकिया निवासी अंकित गुर्जर, पिता सौदान गुर्जर, ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में 83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर इंदौर में आयोजित नवम गुर्जर समाज प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
गुर्जर गौरव कल्याण परिषद, इंदौर द्वारा आयोजित समारोह में शिक्षा, समाजसेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अंकित गुर्जर को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में भारत सरकार के आयकर विभाग की सेवानिवृत्त अधिकारी श्रीमती सुनीता बेसला, विनर्स इंस्टीट्यूट इंदौर के प्रतिनिधि तथा रेड क्रॉस सोसायटी के प्रदेश सचिव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने अंकित की मेहनत, लगन और शैक्षणिक उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अंकित गुर्जर की सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ ग्राम तुरकिया और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी उपलब्धि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।