ग्वालियर। निर्वाचन आयोग ने आम लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग की तारीखों का ऐलान करते ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। मध्य प्रदेश में चार चरणों में चुनाव होगा। जिसमें ग्वालियर लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में 07 मई को मतदान होगा। ग्वालियर लोकसभा के अलावा ग्वालियर-चंबल अंचल की गुना, भिंड, मुरैना लोकसभा में भी सात मई को मतदान होंगे।
इसके बाद 04 जून को पूरे देश में एक साथ मतगणना होगी। चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही ग्वालियर में प्रशासन और पुलिस एक्शन मोड़ में आ गई है। प्रशासन ने सरकारी इमारतों पर लगे होिर्डंग्स, बैनर, बोर्ड को हटाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस भी हर दिन एक न एक थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है।
लोकसभा चुनाव में ग्वालियर संसदीय क्षेत्र का सांसद चुनने का मौका 21 लाख 40 हजार 744 वोटरों को मिलेगा। यह आंकड़ा फरवरी में फाइनल हुई वोटर लिस्ट का है। अभी भी नाम जोड़ने, घटाने को लेकर ऑनलाइन आवेदन जमा हो रहे हैं। ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र में 8 विधानसभा क्षेत्र के वोटर नए सांसद के लिए वोटिंग करेंगे। इनमें ग्वालियर के 6 विस के अलावा शिवपुरी की करैरा और पोहरी विधानसभा शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों ने संवेदनशील मतदान केंद्रों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
ऐसे जुड़वा सकते हैं नाम जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं जुड़े हैं वे नामांकन फॉर्म जमा होने की तारीख से 10 दिन पहले तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नामांकन फॉर्म जमा होने की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही आयोग द्वारा पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।