उज्जैन। जिला चिकित्सालय के चरक भवन स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में उपचार और समुचित देखभाल से 13 माह का मासूम इमादुल्ला गंभीर कुपोषण से मुक्त होकर स्वस्थ जीवन की ओर लौट आया। उपचार के दौरान बच्चे का वजन बढ़ने के साथ उसकी स्वास्थ्य स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि शिकारी गली निवासी इमादुल्ला को दस्त एवं डिहाइड्रेशन की शिकायत पर जिला चिकित्सालय लाया गया था। जांच में उसका वजन मात्र 6.020 किलोग्राम पाया गया और उसे गंभीर कुपोषित होने पर एनआरसी में भर्ती किया गया।
करीब 14 दिनों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं पोषण प्रशिक्षकों की निगरानी में बच्चे को आवश्यक उपचार और पौष्टिक आहार दिया गया। उपचार के बाद उसका वजन बढ़कर 6.920 किलोग्राम हो गया और स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया।
उपचार के दौरान डॉ. पूजा गेहलोत, पोषण प्रशिक्षक सोनल ठाकुर तथा एनआरसी स्टाफ ने नियमित देखभाल की। डिस्चार्ज के समय परिजनों को घर पर पौष्टिक आहार तैयार करने एवं बच्चे की देखभाल का प्रशिक्षण दिया गया, साथ ही 1,680 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।
सीएमएचओ ने बताया कि बच्चे का नियमित फॉलोअप किया जा रहा है। घर पर संतुलित पोषण मिलने से उसके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है और अब वह सामान्य बच्चों की तरह स्वस्थ जीवन व्यतीत कर रहा है।