रतलाम। जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान का तीसरा चरण 13 से 18 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। यह जानकारी उप संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. नवीन शुक्ला ने दी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पशुपालकों को नस्ल सुधार, पशु पोषण, टीकाकरण तथा सेक्स सॉर्टेड सीमेन के उपयोग संबंधी जानकारी दी जाएगी। तीसरे चरण में विभाग के प्रशिक्षित अधिकारी एवं कर्मचारी 3 से 4 गौवंश या भैंसवंशीय पशु रखने वाले पशुपालकों के घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और उन्हें वैज्ञानिक पशुपालन के प्रति जागरूक करेंगे।
अभियान के दौरान जिले के 13,895 पशुपालकों को नस्ल सुधार, पशु पोषण एवं पशु स्वास्थ्य से संबंधित तकनीकी जानकारी देकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।