छिंदवाड़ा। कांग्रेस के प्रवक्ता सैय्यद जाफर ने आज भोपाल में भाजपा ज्वाईन कर ली। उनके भाई और कांग्रेस से परासिया जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष जमील खान ने गृह ग्राम जाटाछापर में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जाफर के निर्णय में परिवार की सहमति नहीं है। उनका परिवार, क्षेत्र, जनपद पंचायत और सभी साथी कमलनाथ और नकुलनाथ के साथ है।
गौरतलब है कि जमील खान बीते कई दशकों से कांग्रेस की राजनीति कर रहे है। उनके परिवार से दो जिला पंचायत सदस्य, दो जनपद सदस्य, सरपंच , उपसरपंच और पंच कांग्रेस से रह चुके है। वर्तमान में वे परासिया के जनपद पंचायत उपाध्यक्ष है। ऐसे में जाफर के भाजपा प्रवेष से उन पर क्षेत्र की निगाहें लगी थी। उन्होंने आज स्पष्ट कर दिया कि जाफर परिवार सहित भोपाल में निवास करते है। वे परिवार से बिना सहमति लिए स्वेच्छा से भाजपा में गए है। वे स्वयं, परिवार, क्षेत्र और जनपद परिवार, कौमी एकता काली पूजा समिति सभी साथी कमलनाथ और नकुलनाथ के साथ है। हर परिस्थिति में साथ मिलकर सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस से फोन आने पर उन्होंने उनसे संपर्क का प्रयास किया। लेकिन जाफर ने फोन नहीं उठाया।उन्होंने कहा कि जाफर के कांग्रेस छोडने से क्षेत्र में कोई नुकसान नहीं होगा। वे भोपाल के निवासी है। जाफर के बीजेपी में जाने से कांग्रेस कहीं से कमजोर नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कुछ पार्टी छोडकर जा रहे है ।
कुछ समय के लिए अच्छा लग रहा है। लेकिन इंसान और नेता की वहीं एक जगह रहने से मान सम्मान रहता है। कांग्रेस से लगातार पलायन और डैमेज कंट्रोल पर उन्होंने कहा कि प्रभावी कदम पार्टी स्तर पर उठाए गए है। कमलनाथ और नकुलनाथ की अपनी छबि है। सभी मतदाता उनका साथ देंगे।
जो लोग जा रहे है उससे कोई बहुत ज्यादा नुकसान कांग्रेस का नहीं होगा। इस संवाददाता सम्मेलन में जाटाछापर सरपंच नरेंद्र धुर्वे गुडडा सहित अन्य मौजूद रहे