नीमच। मनासा तहसील के ग्राम आंत्रीबुर्जुग निवासी रोडुलाल कीर ने मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन देकर अपने पुत्र पर भरण-पोषण नहीं करने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए।
आवेदन में बताया गया कि अनुविभागीय अधिकारी द्वारा प्रतिमाह 2 हजार रुपये भरण-पोषण राशि निर्धारित किए जाने के बावजूद पिछले 10 से 12 माह से राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इससे बुजुर्ग दंपती आर्थिक तंगी के साथ इलाज के अभाव का सामना कर रहे हैं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुत्र ने मकान की दीवार भी गिरा दी, जिससे बारिश का पानी घर में भर गया और घरेलू सामान खराब हो गया। उन्होंने पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से बकाया भरण-पोषण राशि दिलाने तथा मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।