नीमच। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जावद तहसील के ग्राम समेल निवासी बिसननाथ कालबेलिया ने अपनी पट्टे की कृषि भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई।
आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि महेंद्र बंजारा ने उनकी कृषि भूमि पर कब्जा कर लिया है और उन्हें बोवनी करने से रोक रहा है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने संबंधित पटवारी पर सीमांकन नहीं कराने तथा कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए प्रशासन से भूमि का शीघ्र सीमांकन कर कब्जा दिलाने, आरोपित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा समय रहते न्याय दिलाने की मांग की है, ताकि बोवनी प्रभावित न हो और परिवार की आजीविका सुरक्षित रह सके।