नीमच। जिले की जीरन तहसील के ग्राम उगरान निवासी एक महिला ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आवेदन देकर अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए।
पीड़िता संगीता ने आवेदन में बताया कि उसके सास-ससुर, देवर, देवरानी सहित अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि उसे पैतृक हिस्से की भूमि और फसल से भी वंचित किया जा रहा है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मजदूरी कर जमा किए गए रुपये, गहने और टीन शेड भी ससुराल पक्ष के लोगों ने अपने कब्जे में ले लिए। उसका कहना है कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़िता ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।