देवास। जिले में ‘साइबर सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत साइबर जागरूकता को नया रूप दिया गया है। कन्नौद क्षेत्र में पहली बार कोटवारों को साइबर सुरक्षा का संदेशवाहक बनाकर गांव-गांव मुनादी के जरिए लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के मार्गदर्शन में यह पहल शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन एवं एसडीओपी आदित्य तिवारी के निर्देशन में कोटवारों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें साइबर अपराध के नए तरीके, बचाव के उपाय और शिकायत प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी तहजीब काजी ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी थाने को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर राशि को रोका जा सके। पुलिस का उद्देश्य जागरूकता के जरिए अपराध को पहले ही रोकना है।