नीमच। रामपुरा के दरगाह रोड स्थित सर्वे क्रमांक 422 पर कथित अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को एक पीड़ित परिवार कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और धरने पर बैठ गया। धरने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिवारजनों से चर्चा कर उनकी शिकायत सुनी।
परिवार का आरोप है कि उन्होंने 23 जून 2026 की जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर शामलाती कुएं, उससे संबंधित भूमि एवं पूर्वजों के धार्मिक चबूतरे पर किए गए कथित अतिक्रमण, शेड और बाउंड्री निर्माण को हटाने की मांग की थी। उनका कहना है कि कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
परिजनों ने बताया कि इस संबंध में थाना रामपुरा, नगर परिषद और तहसील कार्यालय में भी शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर मामले को टाल रहे हैं।
परिवार का कहना है कि कथित अतिक्रमण के कारण शामलाती कुएं एवं धार्मिक स्थल तक पहुंच बाधित हो गई है। उन्होंने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने, सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
धरने की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिवारजनों से चर्चा की और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।