नीमच। ग्राम पंचायत जमुनियाकलां स्थित उदय नगर कॉलोनी के रहवासी लंबे समय से सड़क, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान हैं। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में अब तक सीसी सड़क का निर्माण नहीं हुआ है, जिसके कारण बारिश के दौरान पूरे क्षेत्र में कीचड़ की स्थिति बन जाती है। इसी मार्ग से स्कूली बच्चों सहित आम नागरिकों को आवागमन करना पड़ता है।
कॉलोनी में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात के समय अंधेरा रहता है, जिससे लोगों को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। वहीं, पेयजल पाइपलाइन पिछले एक माह से क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
आवेदन में रहवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार ग्राम पंचायत एवं कॉलोनाइजर को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे, जिससे समस्या बनी हुई है।
कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर शीघ्र सड़क निर्माण, पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन एवं चक्काजाम जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।