छतरपुर। मध्यप्रदेश लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर सचिव (एसीएस) अशोक वर्णवाल ने मंगलवार को छतरपुर पहुंचकर जिला चिकित्सालय और नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसीएस ने जिला अस्पताल की ओपीडी, प्रथम तल स्थित लेबर रूम तथा पंचम तल पर संचालित बच्चा वार्ड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उनके साथ कलेक्टर पार्थ जायसवाल, सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
अपर सचिव के दौरे को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने पहले से ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी थी। ओपीडी में सभी डॉक्टर भी अपनी ड्यूटी पर मौजूद दिखाई दिए, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि सामान्य दिनों में ऐसी व्यवस्था कम ही देखने को मिलती है।
निरीक्षण के दौरान मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर एसीएस अशोक वर्णवाल ने कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने केवल इतना कहा कि यह नियमित निरीक्षण है, जिसका उद्देश्य अस्पताल की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन कर उन्हें और बेहतर बनाना है।