आलोट। नगर में शासकीय ब्लड बैंक की स्थापना की मांग को लेकर मंगलवार को विप्र रक्त संगठन शाखा आलोट के बैनर तले सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों ने पैदल मार्च निकालकर मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। रेस्ट हाउस से शुरू हुआ यह मार्च राजस्व कार्यालय पहुंचा, जहां अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में शीघ्र सरकारी ब्लड बैंक स्थापित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि आलोट के शासकीय अस्पताल में ब्लड बैंक नहीं होने के कारण दुर्घटना, प्रसव और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में मरीजों को करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित जिला अस्पतालों या उज्जैन, रतलाम और मंदसौर जैसे बड़े अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्त की समय पर उपलब्धता नहीं होने से कई बार मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है। विशेष रूप से थैलेसीमिया और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन के माध्यम से शासन से मांग की गई कि क्षेत्र की जरूरतों और आपातकालीन परिस्थितियों को देखते हुए आलोट में जल्द से जल्द शासकीय ब्लड बैंक स्थापित किया जाए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और जनहानि को रोका जा सके।