गुना। संसदीय क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यकर्ताओं से कहा, इस बार करो या मरो की लड़ाई है। फील गुड खतरनाक है।
बमोरी विधानसभा में बूथ समिति सम्मेलन में उन्होंने कहा, मुझे आभास हो रहा है कि हम सब बड़े फील गुड में आ रहे हैं। अति आत्मविश्वास का माहौल है कि हम तो जीत ही रहे हैं। अति आत्मविश्वास में न रहें, सबसे खतरनाक है ये अति आत्मविश्वास का वातावरण। भय का वातावरण होना चाहिए। जब भय होता है, तो व्यक्ति अपने मन में ठान लेता है।
सिंधिया शुक्रवार को गुना के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बमोरी और उमरी में बमोरी विधानसभा के चार मंडलों की बूथ समितियों की बैठक ली। अबकी बार 400 पार के नारे को यथार्थ करने के लिए कमर कसने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूछा, श्मैंने कांग्रेस सरकार गिराकर ठीक किया या नहीं? कार्यकर्ता बोले, बहुत अच्छा किया। इसके बाद सिंधिया ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना कहा, श्अगर मैं सरकार नहीं गिराता, तो लाड़ली बहनों के पैसे, किसान निधि के पैसे, आवास के पैसे छोटा भाई और मोटा भाई की जेबों में चला जाता।
कांग्रेस ने किसी के उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया
म्याना, सिरसी, बमौरी और फतेहगढ़ मंडल के अंतर्गत पोलिंग बूथ समितियों के सदस्यों से सिंधिया ने कहा, यह बूथ नहीं, आपका किला है। आप कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि सेनापति हैं। इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प को सिद्धि की ओर ले जाने के लिए हाथ मजबूत करना होगा। कांग्रेस ने पिछले 65 साल में रोटी, कपड़ा और मकान का नारा दिया, पर किसी के उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया। कांग्रेस ने 65 साल में 3 करोड़ आवास बनाए, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 साल में ही 4 करोड़ गरीबों के लिए आवास उपलब्ध कराए हैं।