कसरावद। नगर परिषद में पिछले तीन माह से साधारण सभा की बैठक नहीं होने को लेकर भाजपा पार्षदों और एल्डरमैनों ने नाराजगी जताई है। इस मामले को लेकर उन्होंने एसडीएम अनिल जैन को ज्ञापन सौंपकर जल्द परिषद की बैठक बुलाने की मांग की है।
भाजपा पार्षद चंद्रशेखर राठौर और भाजपा नेता हेमंत सोनी ने बताया कि मध्यप्रदेश नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 54 के अनुसार नगर परिषद की बैठक प्रत्येक दो माह में एक बार आयोजित किया जाना अनिवार्य है। इसके बावजूद नगर परिषद में लंबे समय से बैठक आयोजित नहीं की गई है।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद की अंतिम साधारण सभा की बैठक 17 मार्च 2026 को हुई थी। इसके बाद अब तक करीब तीन माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन परिषद की बैठक नहीं बुलाई गई।
भाजपा नेताओं का कहना है कि परिषद की बैठक में पार्षदों को अपने-अपने वार्ड की समस्याएं और नगर के विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव रखने का अवसर मिलता है। बैठक नहीं होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गर्मी के दौरान पेयजल व्यवस्था बिगड़ने से जल संकट की स्थिति बनी रही, वहीं सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। नगर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, लेकिन पार्षद अपनी समस्याएं और सुझाव कहां रखें, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
भाजपा पार्षदों और एल्डरमैनों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नगर परिषद की बैठक आयोजित कर नगर की समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा कराई जाए।