इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर नगर निगम शहरवासियों और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण तैयार कर रहा है। कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय (इंदौर जू) में देश का पहला 14D थिएटर लगभग बनकर तैयार है। इस अत्याधुनिक थिएटर में दर्शकों को सिर्फ फिल्म देखने का अनुभव नहीं मिलेगा, बल्कि वे हर दृश्य को वास्तविक रूप से महसूस भी कर सकेंगे। नगर निगम का दावा है कि करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही मुख्यमंत्री मोहन यादव इसका लोकार्पण करेंगे। भौगोलिकसंदर्भ
इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों से शेष काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट इंदौर जू को मनोरंजन और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है।14D थिएटर की सबसे बड़ी खासियत इसके 14 अलग-अलग स्पेशल इफेक्ट्स होंगे। फिल्म के दौरान यदि बारिश का दृश्य आएगा तो दर्शकों को पानी की बूंदों का एहसास होगा। तेज हवा चलेगी तो हवा का अनुभव होगा। सीटों में कंपन, धुंध, रोशनी, कंपन और अन्य विशेष प्रभावों के जरिए दर्शक खुद को फिल्म का हिस्सा महसूस करेंगे। थिएटर के अलावा बच्चों और परिवारों के लिए कई अन्य आकर्षण भी तैयार किए जा रहे हैं। परिसर में डिजिटल सफारी बनाई जा रही है, जहां आधुनिक तकनीक के जरिए वन्यजीवों की दुनिया को करीब से देखने का अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही भूलभुलैया (मेज़) भी तैयार की जा रही है, जो बच्चों के लिए रोमांच और मनोरंजन का नया केंद्र बनेगी।
नगर निगम का कहना है कि इन सुविधाओं के शुरू होने के बाद इंदौर जू केवल वन्यजीव देखने का स्थान नहीं रहेगा, बल्कि यह आधुनिक तकनीक और मनोरंजन का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन जाएगा। इससे बच्चों, परिवारों और शहर आने वाले पर्यटकों को एक नया अनुभव मिलेगा। महापौर के मुताबिक, शेष निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। सभी तकनीकी परीक्षण पूरे होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के हाथों इसका शुभारंभ कराया जाएगा। नगर निगम का दावा है कि यह देश का पहला 14D थिएटर होगा, जिससे इंदौर को पर्यटन और मनोरंजन के क्षेत्र में एक नई पहचान मिलेगी।