इंदौर। मुसाखेड़ी में बन रहे ओवरब्रिज का काम जल्द रफ्तार पकड़ेगा। बुधवार को कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को काम तेज करने और तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि एमपीआरडीसी के चार बड़े फ्लाइओवर का निरीक्षण किया जा रहा है। कुछ परियोजनाओं में देरी हुई है, इसलिए संबंधित ठेकेदारों पर पेनाल्टी भी लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इन कामों को पूरा होने में अभी करीब छह महीने लगेंगे।
कलेक्टर ने कहा कि जब तक फ्लाइओवर का काम चलता है, तब तक लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए सर्विस लेन की मरम्मत और पेचवर्क कराया जाए। उन्होंने बताया कि आईटी पार्क की सर्विस लेन को दो दिन में चालू करने की कोशिश की जा रही है, ताकि ट्रैफिक वहां से डायवर्ट किया जा सके।
डायवर्जन वाले रास्ते पहले दुरुस्त हों
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जहां भी ट्रैफिक डायवर्ट किया जाए, वहां की सड़क पहले ठीक की जाए। खराब सड़क होने पर जाम और परेशानी बढ़ती है। उन्होंने साफ कहा कि डायवर्जन ऐसा हो, जिससे वाहन आसानी से निकल सकें।
बाधाएं हटाकर काम में लाई जाएगी तेजी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अन्य विभागों से जुड़े लंबित काम और बाधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी अड़चनें जल्द दूर की जाएं, ताकि निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ सके।
गुणवत्ता से समझौता नहीं
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम समय पर पूरा हो, लेकिन गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही यह ओवरब्रिज बनने के बाद इलाके की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आने-जाने में राहत मिलेगी।