नर्मदापुरम। सतरस्ते से ग्वालटोली पुलिया तक फैले अतिक्रमण को शुक्रवार को नगरपालिका के अतिक्रमण जिदल द्वारा हटाया गया। सुबह 9.30बजे नगरपालिका अमला जेसीबी व पुलिस के दल-बल के साथ पहुंचा। सड़क किनारे सरकारी जमीन पर रखे टप व सब्जी-फल के हाथठेलों को जेसीबी से उठाकर ट्राली में रखा गया। कार्रवाई से नाराज फल-सब्जी विक्रेता व टपों के व्यापारी नाराज हो गए। पहले उन्होंने नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन किया। कुछ देर बाद लोग पत्नी, बच्चों के साथ थाने पहुंचे और नगरपालिका पहुंचे। नगरपालिका परिसर में लोगों ने नारेबाजी की। नगरपालिका के गेट पर ही बैठकर सभी ने धरना शुरू कर दिया। नगरपालिका अमले पर तानाशाही, मनमानी व अवैध वसूली के भी आरोप लगाएं। लोगों ने कहा नगरपालिका को केवल छोटे व्यापारी व हाथ-ठेले वालों का ही अतिक्रमण दिखता है।
शहर में बड़े व्यापारियों के पक्के अतिक्रमण को नहीं हटाया जाता। करीब दो घंटे तक अतिक्रमण हटाने का विरोध प्रदर्शन चलते रहा। नगरपालिका अतिक्रमण दल द्वारा जेसीबी से हाथ ठेले व टपों को हटाकर रखा गया। जेसीबी से हटाने के दौरान टप व ठेले क्षतिग्रस्त हुए।