मंदसौर। जिले में गुरुवार को दिनभर तेज धूप और उमस के बाद देर रात मौसम ने करवट ली। जिले के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार सुबह से ही जिले में तेज धूप और उमस का असर रहा। पिछले कुछ दिनों से दिन में गर्मी और शाम या रात के समय बारिश का दौर बना हुआ है। गुरुवार देर रात हुई बूंदाबांदी के बाद मौसम सुहावना हो गया।
जिला मुख्यालय सहित मल्हारगढ़, सुवासरा, पिपलिया मंडी, नारायणगढ़, सुंठोद और बरखेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों ने राहत महसूस की।
मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 जुलाई को जिले में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 12 से 14 जुलाई तक भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
इस मानसून सीजन में अब तक मंदसौर जिले में 7.37 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालांकि यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में करीब एक इंच कम है।
मौसम विभाग ने जिले में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।