उज्जैन। जनपद पंचायत बड़नगर अंतर्गत ग्राम पंचायत मनियावदा के ग्राम सूराखेड़ी में जनभागीदारी से वर्षों पुराने तालाब का गहरीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस पहल से तालाब की जलधारण क्षमता बढ़ी है, जिससे किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को सिंचाई एवं पेयजल के लिए राहत मिलेगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और भूजल संवर्धन को भी मजबूती मिली है।
तालाब में वर्षों से जमा मिट्टी के कारण उसकी जलधारण क्षमता काफी कम हो गई थी। गर्मी के मौसम में पानी की कमी से ग्रामीणों और पशुपालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। समस्या के समाधान के लिए सरपंच, सचिव और ग्रामीणों ने जनसहयोग से बिना किसी सरकारी खर्च के तालाब गहरीकरण का कार्य कराया।
इस दौरान करीब 900 घनमीटर मिट्टी निकालकर तालाब की जलधारण क्षमता लगभग 8,500 घनमीटर तक बढ़ाई गई। साथ ही वर्षा जल के साथ नर्मदा पाइपलाइन को भी तालाब से जोड़ने की व्यवस्था की गई, जिससे आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।
ग्रामीणों के अनुसार इस कार्य से जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार, सिंचाई सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। जनभागीदारी से किया गया यह कार्य क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है, जिसने साबित किया है कि सामुदायिक सहयोग से बिना सरकारी खर्च के भी विकास कार्य प्रभावी ढंग से पूरे किए जा सकते हैं।