भोपाल। 20 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र के लिए कांग्रेस, बीजेपी और अन्य दलों के विधायकों ने 1756 सवाल किए हैं। आठ माह के अंतराल में दूसरी बार ऐसा हुआ है कि विधायकों ने सत्र की अवधि छोटी होने के चलते कम सवाल विधानसभा के जरिये सरकार से पूछे हैं। दिसम्बर 2025 के शीतकालीन सत्र में मोहन सरकार के अब तक के कार्यकाल के दौरान सबसे कम 1497 सवाल पूछे गए थे।
विधानसभा के सत्र के दौरान सरकार के विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन और गंभीर मामलों में कार्यवाही न होने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक विधानसभा सवाल के जरिये सरकार को घेरने का काम करते हैं।
मोहन सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में दूसरी बार ऐसा हुआ है कि विधायकों ने बाकी विधानसभा सत्रों के मुकाबले इस बार कम सवाल पूछे हैं। इस बार होने वाले सत्र को लेकर 1091 ऑनलाइन और 665 ऑफलाइन समेत कुल 1756 सवाल किए गए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष से मिलने पहुंचे मुख्य सचिव
उधर, 20 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र की तैयारियों के बीच मुख्य सचिव अनुराग जैन आज विधानसभा पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की उनसे करीब आधा घंटे तक मुलाकात हुई है। इसमें विधानसभा सत्र की तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर दोनों के बीच डिस्कसन हुआ है।