मंदसौर। मंदसौर जिले की अफजलपुर थाना पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच गुमशुदा बच्चों को देश के अलग-अलग शहरों से खोजकर सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से पांच परिवारों में फिर से खुशियां लौट आईं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार प्रयासों के आधार पर यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को दर्ज गुमशुदगी के एक मामले में बालक को 9 जुलाई को भोपाल से बरामद किया गया। वहीं 27 जून को लापता हुए एक अन्य बालक को अहमदाबाद से दस्तयाब किया गया।
इसी तरह 6 जुलाई को लापता हुई बालिका को उज्जैन, 19 मई को दर्ज गुमशुदगी के मामले में बालिका को दिल्ली तथा 26 जून को लापता हुई एक अन्य बालिका को रतलाम से बरामद कर परिजनों को सौंपा गया।
थाना प्रभारी हरीश मालवीय ने बताया कि सभी मामलों में गुमशुदगी दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी जानकारी एवं अन्य माध्यमों से लगातार तलाश कर सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद किया।
एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिलेभर में गुम हुए बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को उनके परिवारों तक पहुंचाने की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।