भोपाल। लोकसभा चुनाव की ड्यूटी का मानदेय ने मिलने से कर्मचारी नाराज हैं। उनका कहना है कि चुनाव संपन्न कराए 10 दिन हो गए हैं, पर मानदेय न तो मिला है और न ही इस संबंध में कोई सूचना आई है। मध्य प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के सचिव उमाशंकर तिवारी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भोपाल को पत्र लिखकर तत्काल मानदेय देने की मांग की है।
तिवारी ने कहा कि पहले मानदेय का ऑनलाइन भुगतान नहीं होता था, तब बूथ पर ही नकद राशि देने की व्यवस्था थी। मतदान समाप्त होते ही बूथ पर मानदेय दे दिया जाता था, जब से भुगतान व्यवस्था ऑनलाइन हुई है, तब से मानदेय के भुगतान में देरी होने लगी है। उन्होंने बताया कि 6 एवं 7 मई को चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई है। तब से कर्मचारी मानदेय का इंतजार कर रहे हैं।