छिन्दवाड़ा। जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ग्राम के हरा अवशिष्ट प्रबंधन के लिये नाडेप टांको का निर्माण कराया गया है, वर्तमान स्थिति में इन नाडेप टांकों का अवलोकन करने पर संज्ञान में आया है कि विशेष प्रायोजन के लिये निर्मित कराए गए ये नाडेप टांके क्रियाशील स्थिति में नहीं है। जिस पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने ग्राम के हरा अवशिष्ट का प्रबंधन करते हुए टांकों को भरवाया जाकर स्थानीय उपयोग के लिए जैविक खाद तैयार कराने के निर्देश जारी किए हैं, इन निर्देशों के परिपालन में गत दिवस जिले के विकासखंड अमरवाड़ा की ग्राम पंचायत तेन्दनीमाल में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा नाडेफ टांका भरने की तकनीकी जानकारी दी गई। कृषि विभाग के अनुविभागीय कृषि अधिकारी सचिन जैन द्वारा 17 नाडेफ टांकों को भरने की विधि बताई गई, जिसमें डीकम्पोजर बेसन एवं गुड़ का प्रयोग किया गया तथा 200 लीटर पानी मिलाया गया । इस तरह शुक्रवार तक 4 टांके भरवायें गये, जिनमें कृषक रविशंकर वर्मा उप सरपंच, रामेश्वर वर्मा, सुखवति वर्मा तथा संदीप वर्मा के टांके शामिल हैं। इस दौरान कृषि विभाग के अनुविभागीय कृषि अधिकारी जैन, एस.ए.डी.ओ. अमरवाड़ा अनिता डेहरिया एवं ए.ई.ओ. रविशंकर ठाकुर व ग्राम पंचायत के सरपंच व सचिव भी उपस्थित थे।