देवास। जिले में पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में डायरिया से होने वाली मृत्यु दर को शून्य पर लाने के उद्देश्य से श्स्टॉप डायरिया अभियानश् के तहत व्यापक जागरूकता एवं जल शुद्धिकरण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
अभियान के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम अगेरा, तालोद, उदयपुरा, निमनपुर, खुटखाल, सबलगढ़ एवं पलासी में स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के समन्वय से स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं समुदाय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए फील्ड टेस्ट किट से जल की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। साथ ही पेयजल स्रोतों का नियमित क्लोरीनेशन कर पानी में मौजूद हानिकारक जीवाणुओं को नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि डायरिया सहित अन्य जलजनित बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित हो सके।
विभागीय टीमें ग्रामीणों को पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ पानी के उपयोग के प्रति भी लगातार जागरूक कर रही हैं।