देवास। जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2026 मौसम के लिए फसल बीमा कार्य जारी है। प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य जोखिमों से फसलों की सुरक्षा के लिए किसान 31 जुलाई 2026 तक अपनी अधिसूचित खरीफ फसलों का बीमा करा सकते हैं।
उप संचालक कृषि ज्ञानसिंह मोहनिया ने बताया कि खरीफ-2026 के लिए किसानों का प्रीमियम सोयाबीन पर 926 रुपये, सिंचित मक्का पर 648 रुपये तथा धान पर 662 रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि किसान अपनी निकटतम बैंक शाखा, सहकारी समिति, अधिकृत चौनल, जन सेवा केंद्र (सीएससी) के माध्यम से या स्वयं राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
फसल बीमा के लिए बैंक पासबुक, आधार कार्ड, फसल बुवाई प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी दस्तावेज (बही/पावती) तथा बटाईदार या किराए की भूमि पर खेती करने वाले किसानों के लिए भूमि स्वामी का शपथ पत्र आवश्यक होगा।
उप संचालक कृषि ने जिले के सभी ऋणी एवं अऋणी किसानों से निर्धारित समय-सीमा 31 जुलाई से पहले फसल बीमा कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे प्राकृतिक आपदा की स्थिति में होने वाले नुकसान की भरपाई संभव हो सकेगी।