नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है। योजना के तहत मिलने वाली शैक्षणिक प्रोत्साहन राशि अनेक बेटियों के लिए उच्च शिक्षा का मजबूत आधार बन रही है।
नीमच नगर के वार्ड क्रमांक-1 निवासी मुस्कान धनगर भी इस योजना से लाभान्वित होकर आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए हैं। उन्हें योजना के अंतर्गत कक्षा 6वीं में 2 हजार रुपये, कक्षा 9वीं में 4 हजार रुपये, कक्षा 11वीं एवं 12वीं में 6-6 हजार रुपये तथा महाविद्यालयीन शिक्षा के लिए 12,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई।
मुस्कान ने बताया कि योजना से मिली आर्थिक सहायता से उनकी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी है। इस राशि से पुस्तकें, अध्ययन सामग्री एवं अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति हुई, जिससे परिवार पर आर्थिक बोझ भी कम हुआ और उन्हें आगे की शिक्षा जारी रखने का आत्मविश्वास मिला।
मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। योजना के तहत पात्र बालिकाओं को शिक्षा के विभिन्न चरणों में प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है, ताकि आर्थिक अभाव उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।
मुस्कान धनगर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके सपनों को नई उड़ान दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा को सशक्त बनाने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है।