मंदसौर। शामगढ़ थाना क्षेत्र के बर्डियापूना-हरिपुरा के बीच शनिवार की रात को एक कुएं में ढाबला देवल निवासी गोविंद पिता सत्यनारायण (18) का शव मिला। मृतक के परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। शव को शामगढ़ के अस्पताल के मर्चुरी में रखवाया। सुबह मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव लेने व पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया। गरोठ एएसपी हेमलता कुरील ने मामले में अच्छे से जांच करने का आश्वासन दिया इसके बाद परिजन माने और अंतिम संस्कार किया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में लापरवाही बरती और कार्रवाई करने के बजाय परिजनों को झूठ बोल कर भटकाते रहे। मृतक के शरीर पर चोट के निशान होने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
शादी में गया था, कुएं में मिला शव
परिजनों के अनुसार मृतक गोविंद बाइक लेकर 12 मई की दोपहर में अपने गांव से पड़ोस के हताई में मांगलिक कार्यक्रम में गया था। शाम तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों के तलाश किया मोबाइल भी बंद मिला इसके के बाद चांदवासा चौकी पर गुमशुदगी की सूचना दी। अगले दिन चुनाव होने के कारण पुलिस से जानकारी नहीं दी।
इसके बाद परिजन थाने पहुंचे तो चौकी प्रभारी विकास गेहलोद ने प्रेम प्रसंग में घर से भागने आशंका जताते हुए गायब होने की बात कही और परिजनों को भगा दिया। परिजनों का आरोप है पुलिस ने गंभीरता से जांच नहीं की और लापरवाही बरती। वहीं 17 मई को पुलिस ने युवक की बाइक भी बरामद कर ली इसकी सूचना भी परिजनों को नहीं की गई। 18 मई को शव कुएं से बरामद किया गया उसके शरीर पर चोट के निशान होने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने कहा था, किसी लड़की के साथ भाग गया होगा
मृतक के मामा सिद्धूलाल प्रजापत ने बताया कि 12 मई की दोपहर में गोविंद घर से निकला था वह शाम तक वापस नहीं लौटा उसका फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। शंका होने पर इसी दिन रात में पुलिस को सूचना दी। आधार कार्ड नहीं होने से अगले दिन गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने कहा, नौजवान लड़का है किसी लड़की के साथ भाग गया होगा वापस आ जाएगा।
गरोठ एएसपी हेमलता कुरील ने कहा कि चांदवास चौकी पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। इसकी जांच की जा रही थी। जिस खेत के कुएं पर लाश मिली है, उसके मालिक ने पुलिस को सूचना दी थी। शव करीब छह दिन पुराना होकर डिकम्पोज हो गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।