नीमच। कृषि उपज मंडी नीमच का रविवार को औचक निरीक्षण करने एसडीएम ममता खेड़े पहुंची। एसडीएम ने नीमच कृषि उपज मंडी के अधिकारियों और व्यापारियों के साथ मंडी प्रांगण का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं और अवस्थाओं के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
मंडी का निरीक्षण करने दौरान एसडीएम ने बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे तुरंत चालू करने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, मंडी में व्याप्त अन्य अवस्था दूर करने, हम्मालों की नई व्यवस्था लागू करने आदि के बारे में निर्देश दिए।
दरसल गत शुक्रवार को मंडी में व्यापारी के हम्मालों और मंडी के हम्मालों के बीच विवाद हो गया था। दौरान मारपीट के दौरान कुछ हम्मालों ने तलवार भी निकाल ली थी। इस घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने सोमवार से अनिश्चित कालीन मंडी बंद का आवाहन किया था।
हालांकि बाद में प्रशासन के साथ व्यापारियों की एक बैठक हुई। जिसमें मंडी बंद के फैसले को वापस ले लिया गया। बैठक में व्यापारियों की ओर से प्रशासन को मंडी से जुड़ी हुई अवस्थाओं और उनकी परेशानियों के बारे में अवगत करवाया गया था। जिसे दूर करने का भरोसा प्रशासन ने दिया था।
उसी कड़ी में एसडीएम मंडी का निरीक्षण करने पहुंची। मंडी निरीक्षण के दौरान एसडीएम ममता खेड़े, तहसीलदार प्रेम शंकर पटेल, मंडी सचिव उमेश बसेड़िया, मंडी निरीक्षक समिरदास व्यापारी संघ प्रतिनिधि नवल मित्तल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।