नीमच। जिला न्यायालय स्थित बार एसोसिएशन के कक्ष में आज बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभाषकों के चेहरे खुशी से खिल खिला उठे। मौका ऐतिहासिक था। चूंकि वर्तमान अभिभाषक संघ की कार्यकारिणी के अध्यक्ष मनीष जोशी, सचिव लक्ष्मण सिंह भाटी और कार्यकारिणी की लंबी लड़ाई और मेहनत का फलदायी परिणाम जो मिल गया। जबलपुर हाईकोर्ट से मिली अनुमति के अनुसार अब जिला न्यायालय के नवनिर्मित भवन में एडवोकेट यहां भूमि पर अपने चेंबर बनाकर कार्य कर सकेंगे।
उत्सव मनाने के इस खास मौके पर जिला एवं प्रधान न्यायाधीश सुशांत हुद्दार, विशेष न्यायाधीश अजय टेलर, अभिभाषक संघ के अध्यक्ष मनीष जोशी, सचिव लक्ष्मण सिंह भाटी और बड़ी संख्या में अभिभाषक उपस्थित रहे। ढोल नगाड़े बजे। स्वागत की रस्में हुई। मनीष जोशी और लक्ष्मण सिंह भाटी को फूल मालाएं पहनाकर बधाई दी गई। इस अवसर पर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष मनीष जोशी ने कहा कि लड़ाई कठिन और लंबी थी। चुनाव के दौरान मैंने वादा किया था कि नई बिल्डिंग में तभी जाएंगे, जब हमारा चैंबर बनेगा। सीढ़ी दर सीढ़ी चढ़ने के बाद अब हमारी मांग पूरी होने जा रही है। लक्ष्मण सिंह भाटी ने कहा कि यह पहला मौका है जब वकीलों को चेंबर के लिए भूमि का अलॉटमेंट हो रहा है।