दमोह। शहर के जबलपुर नाका क्षेत्र में ग्राम पंचायत आम चोपरा में आने वाले हिस्से में सरकारी नाले पर किए गए अतिक्रमण को शुक्रवार सुबह प्रशासन ने हटा दिया। इस नाले के पास में ही रहने वाले एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने कब्जा कर दुकान का निर्माण कर लिया था, जिसमें शराब दुकान संचालित हो रही थी।
ग्राम पंचायत आम चोपडरा के सरपंच जयपाल यादव और ग्रामीण क्षेत्र के लोग 2 महीने से प्रशासन को ज्ञापन देकर इस दुकान को यहां से हटाने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों के द्वारा यह भी बताया जा रहा था कि शराब दुकान अवैध सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण करके बनाई गई है जिसका किराया पास में रहने वाले पुरुषोत्तम तिवारी के द्वारा लिया जाता है। अभी तक प्रशासन के द्वारा केवल आश्वासन मिल रहा था, लेकिन शुक्रवार सुबह प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटा दिया।
एक दिन पहले यानी गुरुवार को प्रशासन की ओर से कब्जाधारी पुरुषोत्तम तिवारी को एक नोटिस जारी किया था जिसमें साफ किया गया था कि 24 घंटे के अंदर शराब दुकान और अन्य अतिक्रमण हटा लिए जाएं अन्यथा प्रशासन कार्रवाई करेगा। ग्राम पंचायत के सरपंच जयपाल यादव ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है, लेकिन साथ में उन्होंने यह भी कहा है कि पूरा अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। जिससे यहां पर संचालित शराब दुकान का एक हिस्सा अभी भी सुरक्षित है।
हालांकि पंचायत के द्वारा इस नाले के पास से एक बड़ी नाली की खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है, ताकि पानी की निकासी बेहतर तरीके से हो सके और इस दुकान का स्टेट हाईवे से सीधे तौर पर हो रहे संचालन को रोका जा सके।
स्टेट हाईवे से 220 मीटर दूर होना चाहिए शराब दुकान
सरपंच यादव ने कहा कि उन्हें पता है कि आबकारी नियम के अनुसार स्टेट हाईवे से 220 मीटर की दूरी पर शराब दुकान का संचालन हो सकता है, लेकिन जिस जगह यह शराब दुकान संचालित है वहां से स्टेट हाईवे की दूरी महज 100 मीटर है। इस दुकान के संचालन के लिए किसी दूसरे रास्ते को नक्शा बनवाकर विभाग में प्रस्तुत किया गया है।
देखा जाए तो दुकान 100 मीटर के दायरे में है, जिसे वहां से हटाया जाना चाहिए। तहसीलदार मोहित जैन ने कहा कि बीते एक माह से शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही है। यहां पर भी अतिक्रमण था जिसे हटाया गया है। बाकी और अतिक्रमण की जो बात सामने आ रही है सीमांकन किया जाएगा, जो भी अतिक्रमण होगी उसे अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।