नीमच। सेवा, संस्कार और समर्पण के ध्येय को साकार करते हुए भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा, नीमच ने स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित रेडक्रॉस ब्लड बैंक में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में परिषद के सदस्यों, समाजसेवियों, युवाओं, महिलाओं और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
शाखा अध्यक्ष प्रवीण अरोंदेकर ने बताया कि शिविर में 100 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों सहित अन्य जरूरतमंद रोगियों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराना है, क्योंकि रक्त की प्रत्येक यूनिट किसी के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
शिविर की विशेष बात यह रही कि महिला रक्तदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि नीमच शहर लंबे समय से रक्तदान और नेत्रदान जैसी जनसेवा की प्रेरणादायी परंपराओं के लिए जाना जाता है। भारत विकास परिषद का यह आयोजन सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की इसी भावना को आगे बढ़ाने वाला प्रेरक प्रयास रहा।