खंडवा। श्रुत पंचमी पर्व पर सकल दिगम्बर जैन समाज ने शहर में शोभायात्रा निकाली। रजत पालकी व शोभायात्रा में शामिल महिलाओं ने मां जिनवाणी को सिर पर विराजित किया। शोभायात्रा सुबह साढ़े 7 बजे सराफा बाजार से प्रारंभ हुई। शहर के बुधवारा, केवलराम, बांबे बाजार, घंटाघर से होकर वापस सराफा बाजार स्थित जैन मंदिर पर समापन हुआ। समाजजन ने जगह-जगह जिनवाणी माता की आरती की। श्रुत स्कंध विधान पूजन के साथ पर्व का समापन हुआ।
उल्लेखनीय है कि इसी दिन इंद्रभूति गौतम गणधर ने श्रुत को धारण किया था। उनसे सुधर्मचार्य एवं जम्बू स्वामी जी ने ग्रहण कर अंतिम केवली का पद प्राप्त किया था। आज ही के दिन दिगम्बर जैनाचार्य पुष्पदंत मुनि और भूतबलि द्वारा चतुर्विध संघ के समक्ष ताड़ पत्रों पर रचित षट्खण्डागम ग्रन्थ की पूजा की थी। तब ही से आज के दिन यह पर्व मनाया जाता है। शोभा यात्रा में पहुंचे पुरूषों ने सफेद व महिलाओं ने केशरिया वस्त्र धारण कर भक्ति-भाव से पालकी उठाई।