गुना। तीन महीने बाद आज से जनसुनवाई शुरू हुई। इस दौरान एक व्यक्ति द्वारा शिकायत करने का अनोखा तरीका अपनाया गया। वह सड़क पर लेटते हुए आवेदन देने कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। दो किलोमीटर वह सड़क पर लेटते हुए ही गया। उसकी जमीन पर किसी ने अतिक्रमण का र्लिया है। इसकी शिकायत करने वह कलेक्टर कार्यालय पहुंचा था।
सैयद पुरा कैंट रोड पर रहने वाले सुनील सेन ने अपने आवेदन में बताया कि उसके घर की सार्वजनिक गली पर ৪ फिट पर मेहराज खान एवं जुबेर खान ने पूर्ण रूप से अतिक्रमण कर लिया है। अतिक्रमण रोकने की कोशिश पर उसके और उसके बच्चों के साथ मारपीट की गई। अब वह उसके स्वामित्व की भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे है। इसकी शिकायत वह अनुविभागीय अधिकारी को कर चुका है। उनके आदेश अनुसार उसके कार्य को रोकने का आदेश दिया गया, परन्तु उस आदेश की अवहेलना करते हुए निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
सुनील ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले उसे और उसके बच्चों को गालियां देते हैं। जान से मारने की धमकी देते हैं। इस वजह से बच्चों का बाहर निकलना बंद हो गया है। उसके घर पर पत्थर फेंके जाते हैं। इस कारण परिवार का जीना दूभर हो गया है। आवेदन के जरिए सुनील ने मांग की कि मामले की तहसीलदार और एसडीएम से जांच कराकर अवैध सार्वजनिक गली के अतिक्रमण को हटाया जाए और उसकी जमीन पर कब्जा रोका जाए। सुनील ने कहा कि इस तरह से मुझे प्रताड़ित किया जाएगा, तो वह अपने बच्चों के साथ आत्महत्या करने के लिए विवश होगा।
दो किलोमीटर सड़क पर लेटते हुए पहुंचासुनील ने अपने घर से ही न्याय यात्रा की शुरुआत की। वह जमीन पर लेटते हुए अपना आवेदन देने पहुंचा। उसने बताया कि जिस तरह पेंड भरकर(जमीन पर लेटकर) भगवान के दर पर जाने से मनोकामना पूरी होती है, उसी तरह वह पेंड भरकर कलेक्टर कार्यालय आया है और कलेक्टर से गुहार लगाई है, ताकि उसकी समस्या का जल्द निराकरण हो सके।
इस मामले में एसडीएम रवि मालवीय ने बताया कि कुछ दिन पहले शिकायत प्राप्त हुई थी। नगरपालिका के अमले ने जांच की थी, जिसमे कुछ अतिक्रमण पाया गया था। उसकी रिपोर्ट मिल गई है, जिस पर कार्यवाई की जा रही है। शिकायतकर्ता को रिपोर्ट पर अगर आपत्ति है तो एक दल गठित कर फिर से जांच करा लेंगे और नियमानुसार जो भी कार्यवाई होगी, वह की जायेगी।