भोपाल। मप्र कर्मचारी मंच के आव्हान पर रविवार (9 जून) को प्रदेश भर के अनियमित कर्मचारी कामबंद हड़ताल पर रहे। भोपाल के तुलसी नगर स्थित अंबेडकर पार्क में कर्मचारियों ने हल्लाबोल आंदोलन के तहत धरना दिया। इस अवसर पर कर्मचारियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। मंच के प्रदेशाध्यक्ष अशोक पांडे ने कहा कि राज्य सरकार अनियमित कर्मचारियों के अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार यदि समय रहते कर्मचारियों की मांगे पूरी नहीं करती है तो आगामी विधानसभा सत्र के दौरान कर्मचारी भूख हड़ताल करेंगे।
अशोक पांडे ने बताया कि न्यायालय आदेश के बाद भी राज्य सरकार प्रदेश के नियमित कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं दे रही है। बल्कि उनका बढ़ा हुआ वेतन भी कम कर रही है। प्रदेश के स्थाई कर्मी, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी नियमित नियुक्ति के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। वहीं अंशकालीन कर्मचारी पूर्णकालिक दैनिक वेतन भोगी के वेतन के लिए गुहार लगा रहा है। 10 वर्षों की सेवा के बावजूद सरकार इन्हें कोई लाभ नहीं दे रही है।
नाराज मप्र कर्मचारी मंच ने राज्य सरकार को ज्ञापन देकर चेताया कि अनियमित कर्मचारियों की मांगों को मंजूर करके उनके हित में आदेश प्रसारित करें, अन्यथा आगामी विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश के अनियमित कर्मचारी भोपाल में भूख हड़ताल करके राज्य सरकार के सामने अपनी मांगों को मजबूती से रखेंगे। इस मौके पर अशोक कहार, राजेश कुशवाहा, दीपक रावत, दीपक मीणा, तेज प्रताप सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।