इंदौर। निजी स्कूलों और कॉलेज की मनमानी से परेशान अभिभावक और पालक एकता परिषद के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। अभिभावकों का आरोप है कि शहर के कई निजी स्कूल और कॉलेज मनमाने ढंग से चुनिंदा दुकानों से कॉपी, किताब, स्टेशनरी और यूनीफॉर्म खरीदने का दबाव बना रहे हैं। जिसमें मोटे तौर पर स्कूल संचालकों का भी कमीशन शामिल होता है।
मप्र विद्यार्थी एवं पालक एकता परिषद के अध्यक्ष जीतू दीवान ने कहा कि कई सालों से शहर में कई बड़े शिक्षा माफिया कब्जा कर बैठें हैं। हर साल मनमाने तरीके से स्कूलों-कॉलेज की फीस बढ़ा देते हैं। इंदौर शहर में ही तकरीब 70 परसेंट स्कूल-कॉलेज ऐसे है जहां मनमाने ढंग से फीस बढ़ा दी गई। हमने अभी कलेक्ट्रेट कार्यालय में विरोध प्रदर्शन कर शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। गोपनीय तरीके से लिस्ट बनाकर ऐसे सभी स्कूल कॉलेजों की सूची बनाकर प्रशासन को सौपेंगे। अगर कार्रवाई नहीं होती तो स्कूल कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।