नीमच। पिछले 17 वर्षों से गाडगिल बांध से जल भराव के कारण अपनी कृषि भूमि नष्ट हो जाने से नीमच जिले के उगरान गांव का परेशान किसान आज न्याय मांगने जिला कलेक्टर के पास पहुंचा।
कलेक्टर साहब को दी चिट्ठी में जीवन दास पिता रामदास बैरागी ने बताया कि मेरे स्वामित्व और आधिपत्य की कृषि भूमि वाके ग्राम उगरान में भूमि सर्वे नंबर 203 रकबा 1 पॉइंट 10 है। उक्त कृषि भूमि पर पिछले 17-18 वर्षों से गाडगिल बांध से जलभराव हो रहा है। शासन द्वारा कृषि भूमि के नष्ट हो जाने पर मुआवजा देने का प्रावधान है लेकिन मुझे मुआवजे की पूर्ण राशि नहीं दी जाती है। किसान ने आवेदन में लिखा है कि अन्नदाता को समाज का एक महत्वपूर्ण अंग माना जाता है, लेकिन मेरी समस्या का समाधान ना होना चिंतनीय विषय है। कृषि भूमि के डूब में चले जाने से मेरी स्थिति दयनीय हो गई है और कर्ज लेकर में अपने परिवार का लालन-पालन कर रहा हूं। जल भराव के कारण मेरी फसले नष्ट हो जाती है मैंने सभी संबंधित विभागों में आवेदन प्रस्तुत किये, मगर मेरी सुनवाई नहीं हो रही है। मेरे परिवार की बदतर आर्थिक स्थिति पर गौर किया जाए।
जीवनदास ने कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि जल संसाधन विभाग उपाय करके मेरी कृषि भूमि पर जल भराव ना होने दे या फिर मुझे अन्य स्थान पर कृषि भूमि उपलब्ध कराए।